गुगरापुर,कन्नौज। माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए एक बार फिर परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि बढ़ा दी है। अब छात्र-छात्राएं 27 सितंबर तक परीक्षा शुल्क के साथ चालान जमा कर फॉर्म भर सकते हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने बताया कि परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया एक जुलाई से शुरू हुई थी। पहले अंतिम तिथि पांच अगस्त निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर 16 अगस्त तक किया गया था। इसके बावजूद कई विद्यार्थी आवेदन नहीं कर सके थे। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की मांग और छात्रहित को देखते हुए परिषद ने अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ाई है। अब 30 सितंबर तक विद्यार्थियों का विवरण परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। इसके बाद एक से चार अक्तूबर तक अपलोड किए गए डाटा का सत्यापन कराया जाएगा, और पांच से आठ अक्तूबर तक आवश्यक संशोधन कर अंतिम डाटा अपलोड किया जाएगा। अंत में 10 अक्तूबर तक नामावली और अन्य दस्तावेज डीआईओएस कार्यालय में जमा करने होंगे। इसी तरह कक्षा 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों के पंजीकरण की तिथि भी बढ़ा दी गई है। अब इन कक्षाओं का पंजीकरण भी 27 सितंबर तक किया जा सकेगा। 10 अक्तूबर तक संबंधित प्रक्रियाएं पूरी करनी होगीं। तिथि बढ़ने से विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है।