ठठिया। इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर तिर्वा तहसील क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद का निस्तारण करने के लिए प्रशासन ने बुधवार को बड़ा कदम उठाया है। तहसील प्रशासन टीम ने भूमि की पैमाइश कराकर सीमांकन करा दिया।
ग्राम पल्टेपुरवा मौजा पैथाना निवासी पृथ्वीराज सिंह द्वारा दाखिल याचिका पर हाईकोर्ट ने विवादित भूमि की पैमाइश कर कब्जा दिलाने के आदेश पारित किए थे। आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए एसडीएम तिर्वा राजेश कुमार ने नायब तहसीलदार अमित पाठक की अगुवाई में दो कानूनगो और 10 लेखपाल की टीम गठित की। कार्रवाई के दौरान अप्रिय घटना से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। टीम मौके पर पहुंची और कोर्ट के आदेशों का पालन कराते हुए विवादित आराजी की पैमाइश और सीमांकन का कार्य संपन्न कराया। नायब तहसीलदार अमित पाठक ने बताया कि भूमि का सीमांकन कर लिया गया है मौके पर पक्ष की मौजूदगी न होने के कारण जमीन पर कब्जा नहीं हो पाया है।