कन्नौज। अगले साल होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र बनाने में लापरवाही की गई है। अलग-अलग समय में सभी स्कूलों की पड़ताल करवाने और एसडीएम से रिपोर्ट मंगवाने के बाद भी कई ऐसे स्कूलों को परीक्षा केंद्र बना दिया गया है, जो मानक पूरा नहीं कर रहे हैं। इसमें निर्माणाधीन राजकीय इंटर कॉलेज भी शामिल है। यूपी बोर्ड की ओर से जारी अनंतिम लिस्ट में मानक पूरा न करने वाले कई माध्यमिक स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
वर्ष 2024 में होने वाली परीक्षा के लिए यूपी बोर्ड ने जिले के 79 स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया है। सेंटर बनाने में मानकों की अनदेखी करते हुए गड़बड़ी की गई है। 10 फीसदी विद्यालयों की ओर से मानक पूरा न करने के बाद भी उनको परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची में शामिल कर लिया गया है। अन्य स्कूलों को भी केंद्र बनाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। डीआईएस दफ्तर में शिकायतें पहुंचने लगी हैं। डीआईओएस डॉ. पूरन सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड से जो लिस्ट जारी हुई है, उसमें शिकायत भी मांगी गई। जिस सेंटर में कमी मिलेगी, उसकी रिपोर्ट बोर्ड को भेजी जाएगी।
इन स्कूलों को सेंटर बनने पर खड़े हो रहे सवाल
छिबरामऊ के रमाबाई राजकीय इंटर कॉलेज को वर्ष 2024 में होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र बनाया गया है। अभी इस भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। दीवारों पर प्लास्टर किया जा रहा है। यहां न तो फर्नीचर है और न ही सीसीटीवी कैमरों समेत अन्य सुविधाएं, लेकिन सूची में शामिल कर लिया गया। इसके अलावा राजकीय माध्यमिक स्कूल किसई जगदीशपुर में बाउंड्रीवॉल व सीसीटीवी कैमरे नहीं है। रामाश्रम हायर सेकेंडरी विद्यालय में कक्षों की संख्या कम है। राजकीय माध्यमिक विद्यालय समधन में सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध नहीं हैं। इन तीनों विद्यालयों को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
पहले ही दिन 35 शिकायतें
परीक्षा केंद्र की लिस्ट जारी करने के बाद 29 नवंबर तक आपत्ति मांगी है। जिस किसी को भी किसी स्कूल के सेंटर बनने या न बनने से शिकायत है वह 29 नवंबर तक डीआईओएस कार्यालय में आपत्ती दर्ज करा सकते हैं। शिकायत कार्यालय में दर्ज करवाने से लेकर ई-मेल पर भी भेजी जा सकती है। लिस्ट जारी होने के अगले ही दिन अलग-अलग जगहों से 35 शिकायतें ई-मेल से दर्ज कराई गई है। तय सीमा के बाद सभी शिकायतों के मुताबिक उसकी पड़ताल करवाई जाएगी।
वॉयस रिकॉर्डर लगा कैमरा गायब
मानमीऊ। मानीमऊ क्षेत्र के दो स्कूलों को बोर्ड परीक्षा के लिए सेंटर बनाया गया। बिट्टी देवी इंटर काॅलेज उदैतापुर और सुभाष इंटर काॅलेज नेरा शामिल है। बिट्टी देवी इंटर काॅलेज के सीसीटीवी कैमरा और वॉयस रिकार्डर, शौचालय बाउंड्री वाल सब कुछ पूरी तरह तैयार है। नेरा स्थित सुभाष इंटर काॅले में सीसीटीवी कैमरा लगा है, वॉयस रिकाॅर्डर गायब है। शौचालय की दीवारें टूटी हैं। छात्रों के बैठने के लिए सीटें कई टूटी तो कोई कमरे में आधी सीटें गायब हैं। काॅलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राज किशोर कटियार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरा व वॉयस रिकाॅर्डर सही होने गए हैं। टूटे शौचालय को परीक्षा से पहले ठीक करा दिया जाएगा।