बोर्ड परीक्षा में मोबाइल एप द्वारा परीक्षार्थियों
की अनुपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे। ज्यादातर स्कूलों में एप
ने काम नहीं किया। केंद्र व्यवस्थापक पूरे दिन उसे चलाने में जुटे रहे,
लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
गुरुवार से हाईस्कूल व इंटर बोर्ड की
परीक्षाएं शुरू हो गईं। अबकी बोर्ड ने परीक्षार्थियों की अनुपस्थित ऑनलाइन
मुहैया कराने को मोबाइल एप की व्यवस्था कर केंद्र व्यवस्थापकों को सिम
मुहैया कराए गए थे। परीक्षा शुरू होने के बाद केंद्र
व्यवस्थापक मोबाइल में एप लोड नहीं कर पाए, जिससे प्रथम और दूसरी पाली के
गैरहाजिर परीक्षार्थियों की सूचना नहीं दी जा सकी।
उधर, बोर्ड परीक्षा का
पहला दिन होने से सुबह की प्रथम पाली में होने वाली हाईस्कूल की परीक्षा
ज्यादातर कालेजों में कुछ विलंब से शुरू हो सकी। शहर के कालेजों में जहां
कुछ सख्ती दिखी वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में कोई असर नहीं दिखाई दिया।
परीक्षार्थियों को बोल-बोलकर नकल कराई गई।
हालांकि, सचल दल ने भी कई
कालेजों में छापा मारा, पर कुछ हाथ नहीं लगा। चपुन्ना के डालचंद्र इंटर
कालेज लुखरिहा, आदर्श विद्या मंदिर इंटर कालेज चपुन्ना और कृषक इंटर कालेज
कुतुबपुर के केंद्र व्यवस्थापकों ने बताया कि उनके यहां सुरक्षा की दृष्टि
से कोई भी पुलिस बल तैनात नहीं किया गया था।
किसी तरह अपने कर्मियों को
सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी। खड़नी के विश्वनाथ सिंह जनता इंटर
कालेज और आदर्श जनता इंटर कालेज गयासपुर में कई परीक्षार्थियों ने परीक्षा
छोड़ दी। नादेमऊ के सुभाष इंटर कालेज, महात्मा गांधी इंटर कालेज मढ़पुरा,
रामेश्वर दयाल जावित्री देवी इंटर कालेज इमलिया और भारतीय जनता इंटर कालेज
पट्टी हसेरन में दो सैकड़ा से भी अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
सौरिख के ऋषिभूमि कालेज के केंद्र व्यवस्थापक ने परीक्षा शुरू होने से
पूर्व परीक्षार्थियों की गेट पर ही सघन तलाशी करवाई। इस दौरान दोनों
पालियों में आठ परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।