छिबरामऊ। नगर के अल्ट्रासाउंड अस्पताल में नौ महीने बाद फिर से अल्ट्रासाउंड की शुरूआत कल से हो जाएगी। अल्ट्रासाउंड शुरू होने से मरीजों को काफी राहत मिलेगी और उनको निजी सेंटरों पर नहीं जाना पड़ेगा।
नगर के सौ शैया अस्पताल में पिछले नौ माह से अल्ट्रासाउंड बंद चल रहे हैं। दस नवंबर को सीएमओ डाॅ. विनोद कुमार सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक डॉ. महेश नाथ विश्वकर्मा को सौ शैया से संबद्ध कर दिया। वह कानपुर से सोनोलॉजिस्ट की ट्रेनिंग करके आए हैं। मंगलवार शाम को उन्होंने अस्पताल पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया और अल्ट्रासाउंड मशीन को चेक करने के साथ ही यहां की व्यवस्थाओं को भी देखा। बुधवार को अस्पताल के सीएमएस डाॅ. सुनील कुमार सिंह ने सोनोलॉजिस्ट से अल्ट्रासाउंड शुरू करने के लिए जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अल्ट्रासाउंड की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, शुक्रवार से अल्ट्रासाउंड शुरू भी कर दिए जाएंगे। इस संबंध में सीएमएस डाॅ. सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार से अल्ट्रासाउंड की सुविधा अस्पताल में शुरू हो जाएगी।
जनवरी 2023 से बंद है अल्ट्रासाउंड की सुविधा
सौ शैया में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डाॅ. ओमप्रकाश का शासन ने इसी साल 19 जनवरी को कानपुर देहात के लिए स्थानांतरण कर दिया था। 25 जनवरी को उनके जाने के बाद से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा बंद थी, लेकिन अब फिर से अल्ट्रासाउंड शुरू होने से क्षेत्र के लोग राहत की सांस लेंगे।