कन्नौज। क्षेत्र के एक गांव के युवक ने पुत्र और भतीजे को पीटे जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दर्ज मुकदमे को वापस कराने के लिए आरोपियों ने दोनों युवकों को पांच दिन बाद दोबारा पीट दिया। इससे पीड़ित ने गुरुवार को दोबारा पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रंगियनपुर्वा निवासी विक्रम ने बताया कि पांच दिसंबर को गांव के ही पंकज, गोलू, राजा और मोनू ने पुत्र राजवीर और भतीजे संतोष को पीटा था। इस कारण थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करवाई गई थी। 10 दिसंबर को आरोपियों ने रंजिश मानते हुए पुत्र व भतीजे को घेरकर मुकदमा वापस कराने को लेकर दबाव बनाकर गालीगलौज की।
युवकों द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। शोर सुनकर गांव के युवक विशाल, अनिल और ज्योति बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा। घायलों का राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जांच करवाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद