कन्नौज। जहर खाने से गुरुवार को युवती समेत दो लोगों की मौत हो गई। परिजन घटना का कारण नहीं बता सके। पुलिस मामलों की जांच कर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
सदर क्षेत्र के ग्राम डहलेपुर निवासी लक्ष्मी देवी (20) ने बुधवार देर शाम को जहर खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई और वह लोग लक्ष्मी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया। परिजन सुबह उसे कानपुर लेकर जा रहे थे पर रास्ते में ही लक्ष्मी देवी ने दम तोड़ दिया। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सराय सुंदर निवासी सचिन दुबे (28) ऑनलाइन व्यापार करने वाली एक निजी में प्रोडक्ट डिलीवरी का काम करता था। वह बेटे अक्षत (04) को विद्यालय से लेकर घर छोड़ने गया था। सचिन ने घर के बाहर जाकर जहर खा लिया। परिजनों को जानकारी हुई और वह अस्पताल ले गए। वहां डाॅक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद हालत में सुधार न होने पर राजकीय मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे फर्रुखाबाद के निजी अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान सचिन ने दम तोड़ दिया। पिता मनोज दुबे कोतवाली छिबरामऊ में होमगार्ड के पद पर कार्यरत हैं। सचिन की शादी फर्रुखाबाद जनपद के थाना कायमगंज के ग्राम हिम्मतपुर निवासी दिव्या के साथ हुई थी। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। संवाद