तिर्वा। राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया जा रहा है। मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए अब ईएनटी (कान-नाक-गला) और ऑर्थोपेडिक विभाग में 30-30 बेड के दो नए वार्ड बनाए जाएंगे। वार्ड मेडिकल कॉलेज के द्वितीय तल पर संचालित किए जाएंगे।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि हाल ही में संविदा पर 50 स्टाफ नर्सों की भर्ती की गई है, जिससे पहले से सुविधाओं में सुधार देखा जा रहा है। अभी भी करीब 250 नर्सिंग पद रिक्त हैं। बावजूद इसके स्टाफ की उपलब्धता को देखते हुए नए वार्ड खोलने की दिशा में गंभीरता से काम शुरू हो चुका है।
प्राचार्य डॉ. सीपी पाल ने बताया कि राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के नियमानुसार मेडिकल कॉलेज में 550 बेड की उपलब्धता है, जिसको पूर्ण रूप से संचालित करना अनिवार्य है। इसी के तहत यह विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी अक्तूबर माह में पीजी पाठ्यक्रम का द्वितीय बैच कॉलेज में प्रवेश लेगा। इससे चिकित्सा सेवाएं और भी सशक्त होंगी और मरीजों को विशेषज्ञ उपचार बेहतर ढंग से मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कॉलेज को मेडिकल सुविधाओं के एक सशक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सकेगा। नए वार्डों के शुरू होने से कॉलेज में बेड की उपलब्धता में इजाफा होगा और भर्ती मरीजों को उपचार में सुविधा मिलेगी।