विशुनगढ़(कन्नौज)। पत्नी की मौत के दो माह बाद युवक ने अंतिम संस्कार स्थल पर खड़े पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के ग्राम नगला बरी निवासी दयाराम वर्मा के पुत्र बलवीर वर्मा ने गुरुवार की सुबह अपनी मां रामबेटी से दुपट्टा मांगा। दुपट्टा लेकर वह खेतों की तरफ चला गया। उसने अपने खेत के पास खड़े नीम के पेड़ पर दुपट्टे से फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। इसी स्थान पर पेड़ के नीचे बलवीर की पत्नी संगीता का अंतिम संस्कार किया गया था। यहां से गुजर रहे लोगों ने बलवीर को फंदे पर झूलता हुआ देखकर परिजनों व पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने बताया कि बलवीर की शादी लगभग एक साल पहले घाटमपुर से हुई थी। दो माह पहले उसकी पत्नी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। कस्बा इंचार्ज शैलेंद्र कुमार ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुसाइड नोट में किया पत्नी से बेइंतहा प्यार का जिक्र
फांसी पर झूलने से पहले युवक ने सुसाइड नोट लिखा है। इसमें युवक ने पत्नी से बेइंतहा प्यार करने की बात लिखी है। उसने लिखा कि संगीता तो पगली थी, जो उसके प्यार को समझ नहीं पाई। उसने पत्र में मौत की सूचना उसकी सास को देने की बात भी लिखी है। घर वालों से अपील की है कि वह उसके शव का अंतिम संस्कार उसी स्थान पर करें, जहां संगीता का अंतिम संस्कार हुआ था।