कन्नौज। विवादित भूमि पर एक पक्ष द्वारा निर्माण कार्य शुरू कराने पर गुरुवार को दोनों पक्ष के लोग आमने सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले में शांतिभंग की कार्रवाई की है।
सदर कोतवाली के मोहल्ला देविन टोला स्थित एक ही जमीन पर हर्षनगर निवासी सुमित शुक्ला और देविन टोला निवासी ओम शुक्ला अपने-अपने स्वामित्व का दावा कर रहे हैं। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद है। दोपहर 12 बजे ओम शुक्ला द्वारा भूमि पर निर्माण कराने को लेकर विवाद हो गया। मौके पर पहुंचे सुमित शुक्ला ने निर्माण का विरोध किया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए।
कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में सुमित शुक्ला और अजय शुक्ला घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से ओम शुक्ला, रावेंद्र कुमार और कानपुर नगर के कल्याणपुर निवासी रिश्तेदार जयशंकर व विजय शंकर भी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने विवाद कर रहे लोगों को हिरासत में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई की जा रही है।