कन्नौज/तालग्राम। राजकीय मेडिकल कॉलेज से आई एलाइजा रिपोर्ट में गुरुवार को डेंगू के दो मरीज मिले। जिला अस्पताल में रैपिड टेस्ट किट से जांच में चार पॉजिटिव मिले हैं। वहीं युवक की मौत हो गई।
जिला अस्पताल में गुरुवार को 504 मरीजों ने ओपीडी में पंजीकरण कराया। इनमें बुखार से पीड़ित 17 मरीजों की रैपिड टेस्ट किट से जांच की गई। चार डेंगू पॉजिटिव मिले। अब इनकी एलाइजा जांच होगी। एलाइजा जांच में अब तक 1180 डेंगू के मरीज मिल चुके हैं। रैपिड टेस्ट किट से जांच में 476 पॉजिटिव मिले हैं। वहीं जिले में बुखार से मरने वालों की संख्या 102 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गुरुवार को एक दर्जन से अधिक गांवों में कैंप लगाकर बुखार पीड़ितों की जांच कर दवाएं दीं।
तालग्राम इलाके के गांव रोहली के धर्मेंद्र उर्फ भीम खेती करते थे। छह दिन पहले बुखार आ गया था। डॉक्टर ने डेंगू की पुष्टि की थी। इलाज के दौरान गुरुवार शाम सात बजे मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।