कन्नौज। शहर के जीटी रोड पर पेट्रोल पंप के निकट दो ऑटों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ऑटो पर सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं, चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
शहर के मोहल्ला कांशीराम कॉलोनी निवासी इस्लामुद्दीन (48) शुक्रवार दोपहर तिर्वागंज जाने के लिए घर से निकले थे। मकरंदनगर तिराहा पर इस्लामुद्दीन ऑटो पर सवार होकर तिर्वा क्रॉसिंग आ रहे थे। जीटी रोड पर पेट्रोल पंप के निकट सामने से आ रहे ऑटो से भिड़ंत हो गई। हादसे में इस्लामुद्दीन घायल हो गए। दूसरा चालक ऑटो लेकर फरार हो गया, जबकि इस्लामुद्दीन का ऑटो चालक भी भाग गया। घायलावस्था में इस्लामुद्दीन को विनोद दीक्षित अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि हादसे की जानकारी हुई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।