कन्नौज। ट्रक और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि डंपर में आग लग गई। घटना होते ही डंपर चालक कूद कर भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
एटा जिले के बाघ वाला थाना क्षेत्र के गांव भागपुर निवासी अवधेश (27) काशीपुर से ट्रक लोड करके कानपुर जा रहा था। इस दौरान हरदोई मार्ग पर कन्नौज सीमा पर पहुंचते ही सामने से आ रहे गिट्टी लदे डंपर से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद डंपर ट्रक पलट गया और डंपर में आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौका पाकर डंपर चालक फरार हो गया। वहीं, ट्रक चालक स्टेयरिंग में फंस गया, जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल बाहर निकाला। तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। हालांकि, पुलिस ने चालक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चालक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।