विकास खंड तालग्राम के वैसापुर में एक जनवरी को उद्घाटन के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों का इलाज नहीं हो पा रहा था। अमर उजाला ने सात अप्रैल के अंक में खबर को प्रकाशित किया था। खबर को संज्ञान में लेते हुए स्टाफ भेजकर ओपीडी शुरू करा दी है। पहले दिन 19 मरीजों का उपचार किया गया है।
क्षेत्र के वैसापुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू न होने से ग्रामीण नरेंद्र, सरोज, राधा किशन, गंगा चरन, रामआसरे, वीरेंद्र आदि ने अधिकारियों और माननीय को पत्र भेजा था। 18 अप्रैल को डा. दीपांकर कटियार व फार्मासिस्ट धर्मेंद्र, वार्ड ब्वाय मोहन सेंगर ने अस्पताल पहुंचकर विधिवत स्वास्थ्य सेवाएं देनी शुरू कर दी हैं। पहले दिन ओपीडी में रोगियों की भीड़ रही। ग्राम प्रधान अवधेश, जयसिंह, विजय सिंह, योगेंद्र सिंह, गुरु प्रसाद ने अमर उजाला की सराहना की है।
फार्मासिस्ट धर्मेंद्र ने बताया कि कुछ दवाएं उपलब्ध हो गईं हैं। कुछ दवाओं के लिए और डिमांड भेजी गई है। इसी के साथ फर्नीचर की डिमांड की गई है।