ट्रांसफार्मर के सामने खड़े होकर प्रदर्शन करते छात्र व छात्राएं।
- फोटो : CHIBRAMAU
सौरिख(कन्नौज)। केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले नौनिहालों की जिंदगी बिजली विभाग ने दांव पर लगा रखी है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों की शिकायत के एक माह बाद भी विद्यालय परिसर में लगे ट्रांसफार्मर को नहीं हटवाया गया।
ब्लाक संसाधन केंद्र में केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय संचालित है। एक सैकड़ा छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। बिजली विभाग ने शिक्षण कक्ष से सटाकर ट्रांसफार्मर रखवाकर हाईटेंशन लाइन उतार दी है। शिक्षण कक्ष की खिड़कियों से सटा रखा यह ट्रांसफार्मर किसी भी दिन हादसे का सबब बन सकता है। एक माह पहले प्रधानाध्यापक उदयभान सिंह ने खंड शिक्षा अधिकारी ओपी वर्मा को समस्या से अवगत कराया था। बीईओ की शिकायत पर शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर विद्यालय प्रांगण में लगे ट्रांसफार्मर को हटवाने के लिए कहा था।
प्रधानाध्यापक उदयभान सिंह ने बताया कि शिकायत को एक माह से अधिक का समय बीत चुका है। बीएसए व एसडीएम के निर्देशों के बाद भी विद्युत विभाग ने ट्रांसफार्मर नहीं हटवाया है। इससे कभी भी हादसा हो सकता है।