कन्नौज। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण जनसंख्या गणना की तैयारी के तहत जिले में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हो गया है।
21 अक्तूबर को नगर पालिका कन्नौज में दो बैच, तहसील तिर्वा में सात बैच, नगर पंचायत समधन में एक और तिर्वागंज में एक सहित 11 बैचों का शुभारंभ हुआ। 22 अक्तूबर को तहसील सदर में पांच बैच और छिबरामऊ में आठ बैच सहित 13 बैच शुरू हुए। इस प्रकार दो दिनों में कुल 24 बैचों का शुभारंभ हो चुका है। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स द्वारा जनगणना प्रक्रियाओं, दायित्वों और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जा रही है। पीई ट्रेनिंग एप के संचालन, गणना ब्लॉक (ईबी), प्रश्नावली में सूचना प्रविष्टि, परिवार व व्यक्तियों के विवरण संकलन और डिजिटल माध्यम से गणना कार्य का अभ्यास कराया जा रहा है। साथ ही डेटा की शुद्धता, पूर्णता और गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि जनगणना देश की जनसंख्या और सामाजिक संरचना के आंकड़े उपलब्ध कराती है, जो विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण है। द्वितीय चरण में 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की सुविधा रहेगी, जिसमें नागरिक स्वयं ऑनलाइन जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर गणना करेंगे।