कन्नौज। शहर के बोर्डिंग ग्राउंड में स्कूल टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में सेंट जेवियर्स स्कूल की टीम ने कन्नौज पब्लिक स्कूल को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे मुकाबले में छिबरामऊ की सीसीए ने सोनी पारिया स्कूल को हराकर खिताबी मुकाबले के लिए जगह बनाई।
बोर्डिंग ग्राउंड में पहले सेमीफाइनल मैच में सें जेवियर्स स्कूल और कन्नौज पब्लिक स्कूल के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए कन्नौज पब्लिक स्कूल ने 90 रन बनाए। यशवीर ने पांच विकेट लिए। जवाब में खेलने उतरी सेंट जेवियर्स की टीम ने गगन की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत 10 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
दूसरा सेमीफाइनल मैच सोनी पारिया पब्लिक स्कूल और सीसीए छिबरामऊ के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सोनी पारिया स्कूल की टीम ने 125 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी सीसीए छिबरामऊ की टीम ने 13 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। छिबरामऊ की टीम के बल्लेबाज आयुष ने 48 और नैतिक ने 36 रनों का योगदान दिया। सेमीफाइनल जीतने वाली दोनों टीम के बीच रविवार को खिताबी मुकाबला होगा। सभी मैच जिला क्रिकेट एसोसिएशन के संरक्षक संजय सामवेदी और अध्यक्ष पवन त्रिवेदी की देखरेख में हुआ। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पैनल में आनंद मिश्रा, ममतेश तिवारी, शुभम दुबे, सजल सिंह, आशीष तिवारी आदि मौजूद रहे।
गुलजार नगर को हराकर डडौनी ने जीता लीग मैच
सकरावा। ईदगाह मैदान में सकरावा प्रीमियर क्रिकेट लीग के अंतर्गत डडौनी व गुलजार नगर की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें डडौनी क्रिकेट क्लब ने जीत हासिल की। गुलजार नगर टीम के कप्तान रवि ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवरों में 149 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में खेलने उतरी डडौनी की टीम ने अंतिम ओवर में तीन गेंद बाकी रहते मैच जीत लिया। इसमें लॉकी ने 12 गेंदों में 56 रन बनाए। इससे पहले समाजसेवी इंद्रेश शाक्य ने फीता काटकर मैच शुरू कराया। मैच के दौरान आजम खां, तस्लीम खां, वरुण शुक्ला, रिजवान, आसार खां व बिलाल खां आदि मौजूद रहे।