कन्नौज। चोरी से चंदन की लकड़ी लाने वाले तीन तस्करों को पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 130 किलोग्राम चंदन लकड़ी बरामद की गई। कागजात न दिखा पाने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पकड़ी गई कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस को मंगलवार की देर रात पौने एक बजे सूचना मिली की जलालपुर पनवारा से संयोगिता मार्ग पर एक कार में चोरी की चंदन लकड़ी लाई जा रही है। इस पर एसओजी व थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। तभी एक बाग के पास कार आती हुई दिखाई दी, पुलिस के राेकने पर कार सवार बैक कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने पीछा कर कार को रोक लिया। तलाशी लेने पर कार की डिग्गी से पांच प्लास्टिक बोरी बरामद की, जिसमें लकड़ी के टुकड़े थे, सूंघने पर चंदन की महक आ रही थी।
पकड़े गए आरोपी हाजीगंज मोहल्ला निवासी उरूज ने बताया कि गाड़ी किराये पर लेकर कानपुर से चंदन की लकड़ी लाए थे। इसे मेरे भाई आमिर ने मंगाई थी। वह लाखन तिराहा निवासी इत्र कारोबारी हाजी इमरान वारसी को बेचता है। वहीं, मोहल्ला ताजपुर नौकास्त निवासी आरोपी मोईद ने बताया कि उरूज व फरहत मंसूर के साथ मिलकर चोरी की चंदन लकड़ी लाते थे, जिसे उरूज का भाई आमिर इमरान वारसी को बेचता है। तीसरे आरोपी फरहत ने बताया कि वह किराए की गाड़ी चलाकर लाता था। इससे पूर्व भी ये लोग चोरी से चंदन की लकड़ी ला चुके हैं। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर बरामद कार सीज कर दी है। इस दौरान एसओजी प्रभारी कमल भाटी, उप निरीक्षक मोहम्मद तौकीर, शेखर सैनी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है। तस्करी के मामले की जांच की जा रही है।
बरामद चंदन की लकड़ी की कीमत 7.80 लाख रुपये
तस्करों से पकड़ी गई 130 किलोग्राम चंदन की लकड़ी की कीमत 7.80 लाख रुपये है। बाजार में इस समय चंदन की लकड़ी की कीमत छह हजार रुपये प्रति किलोग्राम है। गौरतलब है कि कन्नौज में चंदन की लकड़ी तस्करी के माध्यम से लाई जा रही है और कई बार पुलिस ने चंदन तस्करों को पकड़ कर जेल भेजा है, लेकिन जेल से छूटने के बाद वह फिर से तस्करी शुरू कर देते हैं।