तेराजाकेट। गाजियाबाद-कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे पर गुरुवार भोर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
गुरसहायगंज क्षेत्र के सरायप्रयाग के निकट भोर में चार बजे ट्रैक्टर के पास खड़े हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र के बेहटा निवासी अवनीश (17)को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। अवनीश भांजी की शादी में शामिल होने के लिए यहां पर आया था। हादसे में पिकअप क्षतिग्रस्त हो गई और चालक फर्रुखाबाद के थाना कायमगंज के मोहल्ला बगिया निवासी आशीष भी घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
दूसरी सड़क दुर्घटना सुबह पांच बजे ग्रीनफील्ड हाईवे तेराजाकेट ब्रिज पर हुई। एक ट्रैक्टर में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। ट्रॉली में लेटे मैनपुरी के बिछवा निवासी नीरज (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हाईवे एंबुलेंस द्वारा सीएचसी लाया गया। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।