फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: आंधी में तीन की मौत, उखड़े पेड़, पोल और तार टूटने से बत्ती गुल

विज्ञापन
हसेरन में खेत में गिरी पड़ी मक्का की फसल। - फोटो : हसेरन में खेत में गिरी पड़ी मक्का की फसल।
विज्ञापन
कन्नौज। बुधवार की देर रात आंधी-पानी ने जिले में भारी तबाही मचाई। गुरसहायगंज क्षेत्र में एक महिला व युवक की मौत हो गई। वहीं, सौरिख के सकरावा रोड स्थित सलेमपुर चंद्रा गांव में उड़कर आए टिनशेड के टुकड़े ने महिला की जान ले ली। शहर व जलालाबाद, तालग्राम, मलिकपुर, खड़िनी क्षेत्र के 500 गांवों की बत्ती गुल रही। कई जगह पोल, तार, पेड़ टूट गए। टिनशेड भी उड़ गए। उधर, आवागमन भी प्रभावित रहा। खेतों में मक्के आदि की फसलों को नुकसान पहुंचा है।
विज्ञापन



गुरसहायगंज क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी वेदप्रकाश की पत्नी सोनश्री (55) आंधी-पानी में घर का सामान समेटने के लिए बाहर आंगन में गई थीं। अचानक रेलिंग से गुंबद टूटकर सिर पर गिरा, जिससे वह घायल हो गईं। परिजन निजी चिकित्सक के पास ले गएं। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसी प्रकार मझपुर्वा के ग्राम गदनापुर निवासी मुईद (26) पर दीवार गिर गई। मलबा हटाकर जब तक उसे निकालते। तब तक उसने दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में चीखपुकार मच गई। सूचना पर नायब तहसीलदार हिमांशु प्रभाकर, क्षेत्रीय लेखपाल कौशल किशोर पांडेय ने मामले की जानकारी ली। युवक की होने वाली ससुराल में भी मातम छा गया और शादी की तैयारियां रोक दी गई।
इसी प्रकार सौरिख के सकरावा रोड स्थित सलेमपुर चंदरा गांव निवासी मधू शाक्य (52) छत पर पाॅलिथीन ढकने गई थी। आंधी के साथ कहीं से उड़कर आया टिनशेड का टुकड़ा सिर पर लगा, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले गए। तब तक महिला ने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन

आंधी में टूटे पोल और तार, 500 गांवों में अंधेरा
आंधी पानी से शहर सहित जलालाबाद, तालग्राम, मलिकपुर, खड़िनी सहित कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। तालग्राम के 150 गांव अंधेरे में डूबे रहे। संविदा कर्मियों के कार्य बहिष्कार के कारण खबर लिखे जाने तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। इस कारण क्षेत्र के ताहपुर, तालग्राम, अमोलर क्षेत्र की एक लाख की आबादी बीते 18 घंटे से बिजली संकट झेल रही है। क्षेत्र में नल भी खराब हैं। घरों में सिर्फ टंकियां हैं, जो खाली हो चुकी हैं। इन्हें भरने के लिए बिजली के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। एसडीओ पंकज कुमार चौधरी का कहना है कि संविदाकर्मी हड़ताल पर हैं, जिस वजह से बिजली सप्लाई चालू करने में समस्या हो रही है। फिर भी आपूर्ति बहाल का प्रयास किया जा रहा है।
इसी प्रकार मलिकपुर क्षेत्र में विद्युत पोल व तार जगह जगह टूटने से आपूर्ति ठप हो गई। इससे क्षेत्र के 50 गांवों में अंधेरा पसरा रहा। अवर अभियंता रामकुमार के नेतृत्व में 10-12 लाइनमैनों ने मरम्मत कार्य शुरू किया। 10 घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। अवर अभियंता रामकुमार ने बताया कि टूटे तारों का मरम्मत कार्य चल रहा है, देरशाम सप्लाई बहाल हो जाएगी। तिर्वा में इंदरगढ़ क्षेत्र के नौसारा गांव में टिनशेड में गुजर बसर कर रहे रवी राजपूत का आशियाना आंधी में उजड़ गया, दीवार गिर गई। तहसीलदार अवनीश सिंह ने बताया कि शासन को रिपोर्ट बनाकर भेजी जाएगी। छिबरामऊ में खोजीपुर गांव में पोल टूट गया। इलाके में मक्का की फसल खेत में गिर जाने से किसानों को नुकसान हुआ। शहर के तिर्वा क्रॉसिंग रोड पर तार टूटने से आधे शहर की बिजली गुल हो गई। इसके साथ ही 100 गांवाें की तार और पोल टूटने से बिजली गुल रही। सुबह 10 बजे आधे शहर की बिजली बहाल हो सकी। कन्नौज डिवीजन के अधिशासी अभियंता मगन सिंह ने बताया कि फॉल्टों को सही कराकर बिजली सप्लाई बहाल करा दी गई।
सौरिख से चपुन्ना तक मैनलाइन व पोल टूटे

बिजली के पोल टूटकर खेतों व सड़कों पर गिरे पड़े हैं। मक्का की फसल खेत में गिरकर बर्बाद हो गई। कई पेड़ उखड़ गए। ग्राम थुलरिया व नगला खरगाई जाने वाली बिजली लाइन के कई पोल टूटकर खेतों, सड़कों पर गिरे पड़े हैं। अभी तक प्रशासनिक व विभागीय अधिकारी क्षेत्र में नहीं आया है।
हसनपुर क्षेत्र में दो पोल टूटे

हसनपुर गांव में 11000 लाइन के दो खंभे गिर गए। इससे हसनपुर, रोतामई, मिश्रापुर, सरायदौलत, नगला सदारी में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। जेई उमेश चंद्र वर्मा व लाइनमैन गौरव कुमार, जनमेश कुमार आपूर्ति बहार करने का प्रयास कर रहे हैं। शाम छह बजे के बाद आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।
भाजपा नेता का उड़ा टिनशेड, हादसा टला

छिबरामऊ में मोहल्ला बस्तीराम निवासी एक भाजपा नेता के छत पर पड़ा भारी भरकम टिनशेड उड़कर पड़ोसी की छत पर जा गिरा। उस समय पड़ोसी अपने परिवार के साथ छत पर खुशनुमा मौसम का आनंद ले रहा था, टिनशेड गिरने से पड़ोसी का परिवार बाल बाल बच गया। बाद में छत से उड़कर टिनशेड बिजली के तारों से टकराते हुए गली में जा गिरा। रात होने के कारण गली में सन्नाटा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें