कन्नौज। शुक्रवार को एएनएम समेत तीन लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन सभी का उपचार शुरू कर दिया गया। दूसरी ओर उपचार करा रहे 10 कोरोना संक्रमित ठीक हुए हैं। अब जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 3414 पहुंच गया है।
विनोद दीक्षित महिला चिकित्सालय में कार्यरत एएनएम की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसी तरह ठठिया क्षेत्र के गांव होलेपुर में एक पुरुष, भुन्ना ग्राम पंचायत के मजरा धन्नापुर्वा में एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब तक उपचार के बाद 3325 लोग ठीक हो चुके हैं। 43 कोरोना संक्रमित को उपचार दिया जा रहा है। कोरोना संक्रमण से 46 लोगों की मौत हो चुकी है। सीएमओ डा. के स्वरूप ने बताया कि जिले के प्रत्येक सरकारी अस्पतालों में कोरोना से बचाव के तौर तरीकों का प्रचार प्रसार कराया जा रहा है। पर लोग इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इसी का नतीजा है कि जिले में प्रतिदिन कोरोना संक्रमित पाए जा रहे हैं।