कन्नौज। बिजली विभाग में ईआरटी सॉफ्टवेयर पर हो रही डिजिटलाइजेशन (कंप्यूटर में फीडिंग की प्रक्रिया) के चलते दो सप्ताह से स्टोर से निकासी बंद है। इससे करीब दो सौ निजी नलकूप के कनेक्शन धारकों को स्टोर से सामान नहीं मिल रहा है।
बिजली विभाग में ईआरपी सॉफ्टवेयर पर डिजिटलाइजेशन का कार्य बीते कई माह से किया जा रहा है। कर्मचारी हो या कर्मचारियों के पास कंप्यूटर व अन्य सामान सभी को सॉफ्टवेयर पर फीड किया जा रहा है। यह कार्य तीन माह से चल रहा है। इससे बिजली विभाग में किसी भी कार्य को कराने के लिए लोगों को दिक्कत हो रही है। बीते दो सप्ताह से बिजली स्टोर में रखे उपकरणों की फीडिंग का कार्य शुरू हुआ है। इससे स्टोर से किसानों को निजी नलकूप का कनेक्शन लेने के बाद उपकरण मिलना बंद हो गया है। स्टोर एसडीओ विशाल वर्मा ने स्टोर गेट पर एक नोटिस चस्पा की है। जिसमें कहा गया है कि जब तक डिजिटलाइजेशन का कार्य किया जा रहा है तब तक किसी भी किसान को निजी नलकूप के लिए सामान नहीं दिया जाएगा। यह कार्य पूर्ण हो जाने के बाद सामान का उठान कराया जाएगा। इस व्यवस्था से स्टोर में एक सैकड़ा फाइलें डंप हो गई हैं। इसी तरह अधिशासी अभियंता कार्यालय में भी यही हाल है। यहां पर भी एक सैकड़ा से अधिक फाइलें रुकी हैं। सॉफ्टवेयर पर बिजली विभाग का डाटा फीड हो जाने के बाद इन फाइलों के कार्य को किया जाएगा। कनेक्शन हो जाने के बाद स्टोर से बिजली उपकरण का उठान न होने से किसान परेशान हैं। उनका कहना है कि बिजली विभाग की निजी समस्या से किसान परेशान हो रहे हैं। उनकी फसलें सूख रही हैं।
अधिशासी अभियंता शादाब अहमद का कहना है कि यह शासन की व्यवस्था है पूरे बिजली विभाग को सॉफ्टवेयर पर फीड हो जाने के बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा।