इंदरगढ़। सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तारीफ करना एक युवक को गुरुवार को भारी पड़ गया। पोस्ट करने के बाद गांव के ही एक युवक ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है।
सांसद अखिलेश यादव छह अप्रैल को क्षेत्र में दुखी परिवारों से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गिहार बस्ती की एक किशोरी की मदद कर उसे सम्मानित किया था। इस घटना से प्रभावित होकर जगतापुर निवासी जतिन गिहार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से अखिलेश यादव को धन्यवाद देते हुए एक पोस्ट साझा की। आरोप है कि पोस्ट के बाद गांव के ही एक युवक ने जतिन के सोशल मीडिया अकाउंट पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। इससे युवक और उसके परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष नीलम सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।