जसोदा। चोरों ने एक घर में घुसकर चोरी का प्रयास किया। आहट होने पर परिजन ने शोर मचाया तो चोर घबरा गए और छत से कूदकर हाईवे की तरफ भाग निकले। भागते समय चोरों का एक बैग घर पर ही छूट गया। बैग में दो शराब की बोतलें, काले रंग के कपड़े व एक आधार कार्ड मिला है।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर भट्टा निवासी रामशंकर ने तहरीर में बताया कि मंगलवार की रात 9:45 बजे चार चोर घुस आए। आहट सुनकर परिजन की नींद खुल गई। शोर मचाने पर छत से कूदकर भागने लगे। इस दौरान उनका एक बैग मौके पर ही छूट गया। घटना की सूचना पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने घटना की जानकारी जसोदा चौकी पुलिस को दी। पीड़ित ने बताया कि बैग में शराब की दो बोतलें, काले रंग के एक जोड़ी कपड़े और एक आधार कार्ड मिला।
पीड़ित ने बैग और उसमें मिले सामान को जसोदा पुलिस चौकी पर सौंप दिया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि सभी चोर काले कपड़े पहने हुए थे। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस को रात में गश्त बढ़ानी चाहिए। प्रभारी निरीक्षक ध्यानेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है।