तिर्वा (कन्नौज)। मतदान के लिए परिवार के साथ गांव गए किसान के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 10 लाख के जेवर, नकदी पार कर दिए। घर लौटे किसान ने जब कमरों का सामान बिखरा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है।
कस्बे के अंवतीबाई मोहल्ले में रहने वाले किसान उमांशकर अपने परिवार के साथ 19 फरवरी को पैतृक गांव तालग्राम थाना क्षेत्र के चौखटा में मतदान करने के लिए गए थे। 20 फरवरी को मतदान के बाद मां की तबीयत बिगड़ने के कारण सभी लोग गांव में ठहर गए।
इस बीच चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे करीब पांच लाख के जेवर और पांच लाख की नकदी पार कर दी। शनिवार सुबह लौटे परिवार ने जब मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा तो उनके होश उड़ गए। भीतर जाकर उमाशंकर ने देखा कि अलमारी खुली पड़ी और उसमें रखे पांच लाख के जेवर व पांच लाख रुपये की नकदी गायब थी। कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि जल्द ही चोरो को पकड़कर मामले का खुलासा किया जायेगा।
चोरी की घटनाएं बनी चुनौती
तिर्वा। क्षेत्र में लगातार तीन दिनों से लगातार चोरी के मामले बढ़ रहे हैं। हरौलपुर्वा गांव निवासी बलवीर की मेडिकल कालेज से चोरी हुई बाइक का है। इसके अलावा हाल ही में फगुहा निवासी शंशाक के घर और जूडापुर्वा गांव निवासी अशोक कुमार के घर से भी चोरों ने लाखों के माल पर हाथ साफ किया है। पुलिस किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है।