सदर तहसील में शिकायतें सुनते डीएम, एसपी व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सदर तहसील सभागार में तहसील दिवस पर अधिकारियों के गलत लहजे की शिकायत आने पर डीएम अनुज कुमार झा ने सख्त हिदायत दी कि आगे से ऐसी शिकायत आई तो सीधे जेल भेज दूंगा। तहसील दिवस के मौके पर कुल 212 शिकायतें आई। इसमें सिर्फ 14 का ही मौके पर ही निस्तारण हो सका। जिलाधिकारी अनुुज कुमार झा की अध्यक्षता में माह के पहले मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन किया गया।
इस दौरान गांव कपूरापुर कटरी के वृद्ध सुरेशचंद्र मूक-बधिर अपनी पेंशन की समस्या को लेकर डीएम से शिकायत की। बताया कि बैंक वाले उन्हें पेंशन के लिए दौड़ा रहे हैं। शिकायत पर डीएम बिफर पड़े। उन्होंने तत्काल विभागीय अधिकारी को निर्देश दिए कि वे उनके साथ अभी जाएं व उनकी पेंशन का पैसा निकलवाएं। इसके साथ कई अन्य पेंशन संबंधी समस्याएं आईं। वहीं निर्मला, प्रमोद कुमार, पिंटू, अतर सिंह समेत 12 से अधिक लोगों ने डीएम से आवास की मांग की।
तहसील दिवस के मौके पर राजस्व विभाग की 58, पुलिस विभाग की 38, विद्युत विभाग की 12, विकास विभाग की 28, जिला आपूर्ति विभाग की 14, पंचायत राज विभाग की 3, जल निगम की 22 व चिकित्सा विभाग की 2 व नगर निगम की 8, शिक्षा विभाग की 5 , समाज कल्याण विभाग की 17, लोक निर्माण विभाग, चकबंदी, विकलांग विभाग, पिछड़ा वर्ग व प्रोबेशन विभाग की 1-1 शिकायतें आईं।