कन्नौज। जिला अस्पताल व विनोद दीक्षित चिकित्सालय में भर्ती होने वाली प्रसूताओं के नाश्ते, भोजन में गड़बड़ी का सिलसिला जारी है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.के स्वरूप की सख्ती से हालात में थोड़ा बदलाव हुआ है। घालमेल अभी भी जारी है। विनोद दीक्षित चिकित्सालय में ठेकेदार ने शासन की गाइड लाइन से हटकर अपना मेन्यू तैयार कर लिया है। शासन की गाइड लाइन में सुबह के नाश्ते में चाय व बिस्कुट देने का प्रावधान नहीं है। यहां नाश्ते में चाय के साथ बिस्कुट दिए जा रहे हैं। रविवार को प्रसूताओं को बिस्कुट भी नहीं दिए गए। सुबह के समय चाय देकर कोरम पूरा कर दिया गया।
पिछले दिनों सीएमओ डॉ.के स्वरूप ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान प्रसूताओं ने घटिया भोजन व नाश्ते में दलिया दिए जाने की शिकायत की थी। इस पर सीएमओ ने नाराजगी जताई थी। संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोक दिया था। दूसरे ठेकेदार को जिम्मेदारी सौंप दी थी। अब भी खास सुधार नहीं हुआ।
जिला अस्पताल में सुबह के वक्त नाश्ते में ब्रेड व दूध दिया जा रहा है। मक्खन नहीं दिया जा रहा। शासन की गाइड लाइन में रात के समय दूध देने का प्रावधान है। दूध नहीं दिया जा रहा है। विनोद दीक्षित चिकित्सालय में हाजीगंज की प्रसूता आफरीन, रिजिगिर निवासी आसमीन, डिगसरा निवासी द्रोपा ने बताया कि घटिया भोजन दिया जाता है। रविवार को सुबह के वक्त चाय दी गई। दोपहर के भोजन में चार रोटी व मूंग की दाल दी गई।
शासन से तय मेन्यू
सुबह का नाश्ता
सुबह 7 से 8:30 बजे तक
एक गिलास दूध (200 एमएल) के साथ, दो अंडे/दलिया/पोहा/ ब्रेड चार/स्लाइस व 10 ग्राम मक्खन।
दोपहर का भोजन
दोपहर एक से दो बजे
चार रोटी, दाल, मौसमी सब्जी, चावल, सलाद, दही।
रात का भोजन
सायं सात से रात 8:30 बजे
चार रोटी, मौसमी सब्जी, चावल व मौसमी फल, सेब, संतरा, केला आदि। एक गिलास दूध।
प्रसूताओं की खुराक में सख्ती करने के बावजूद सुधार नहीं हो रहा है। यह बेहद गंभीर मामला है। प्रसूताओं को शासन से मिलने वाली पूरी खुराक दी जाएगी। वितरण का औचक निरीक्षण किया जाएगा। गड़बड़ी को रोका जाएगा। ठेकेदार का भुगतान रोकने सहित अन्य कार्रवाई की जाएंगी।
डॉ.के स्वरूप, मुख्य चिकित्साधिकारी