बिखरा पड़ा सामान दिखाती गृहस्वामिनी। संवाद
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ। नगर के मोहल्ला गंगेश्वरनाथ नई बस्ती में बुधवार रात चोरों ने सैनिक के बंद घर को निशाना बनाकर यहां से लाखों के जेवरात व नकदी पार कर दी। गुरुवार सुबह जब मोहल्ले के लोगों ने टूटे हुए ताले देखे तो गृहस्वामिनी को मामले की जानकारी दी। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
नगर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी अनीता यादव पत्नी राजेश सिंह यादव का मकान है। उसके पति राजेश सिंह आर्मी में हवलदार हैं और जम्मू में तैनात हैं। उनका बेटा रामकिशोर भी आर्मी में है और मेरठ में उसकी तैनाती है। अनीता के पैतृक गांव तेजगंज थाना बेवर जिला मैनपुरी में है। इसके चलते वह छह दिन पहले मकान में ताला लगाकर इसकी चाबी पड़ोसी रजनी को देकर गांव गई थीं।
गुरुवार की सुबह मोहल्ले के लोगों ने जब मकान के ताले टूटे देखे तो अनीता को मामले की जानकारी दी। कुछ ही देर में अनीता मौके पर पहुंच गई। चोरों ने मुख्य गेट में लगे तालों को काट दिया। अनीता ने बताया कि चोरों ने यहां से दो सोने की चेन, दो जोड़ी कुंडल, चार जोड़ी तोड़ियां सादी, दो जोड़ी तोड़ियां गुच्छाई, एक जोड़ी झुमकी, तीन लेडीज अंगूठी, तीन जेंट्स अंगूठी, एक जोड़ी सुई-धागा, एक फुल करधनी, एक हाफ करधनी व नौ हजार की नकदी पार कर दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आस-पास के लोगों से वारदात के संबंध में जानकारी ली। इस संबंध में कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।
तीन दिन पहले ही किरायेदार चले गए थे गांव
अनीता के घर में बृजेश की पत्नी व बच्चे भी किराये पर रह रहे हैं। वे भी तीन दिन पहले ही गांव चले गए हैं। हालांकि किरायेदार के कमरे को चोरों ने निशाना नहीं बनाया।