छिबरामऊ। फर्नीचर कारखाने के मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोर सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर डीवीआर समेत हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। कारखाना मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
छिबरामऊ के मोहल्ला जेरकिला निवासी मोहम्मद इरशाद उर्फ शालू ने बताया कि मोहल्ला धमे का ताल में उसका फर्नीचर का कारखाना है। रविवार शाम कारखाना बंद कर वह घर चले गए थे। रात में किसी समय चोरों ने कारखाने के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।
चोरों ने कारखाने में लगे सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए। इसके बाद चोर कारखाने से डीवीआर, तीन ड्रिल मशीन, एक ग्राइंडर तथा अन्य औजार चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह जब वह कारखाने पर पहुंचा, काफी सामान गायब देख चोरी की जानकारी हुई।
कोतवाल सचिन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।