कन्नौज। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम भगवान हैं, जबकि मोहम्मद साहब एक महापुरुष हैं। इनकी तुलना कभी हो ही नहीं सकती है। सपा हमेशा मुस्लिम तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करती है। यह बात पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में कहीं। उन्होंने सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मोहम्मद साहब से ज्यादा अनुयायी भारत में बाबा साहेब आंबेडकर के हैं। उन्होंने कहा कि भारत में आई लव मोहम्मद का ट्रेंड नहीं चल पाएगा।
पूर्व सांसद ने राजकुमार भाटी के बयान पर सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा मुस्लिम वोटों के लालच में हिंदू विरोधी बयानबाजी करती है। श्रीराम भगवान हैं, उनकी तुलना अल्लाह से तो हो सकती है पर मोहम्मद साहब से नहीं। भारत में महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी, रानी अहिल्याबाई होल्कर और बाबा साहेब आंबेडकर जैसे अनेकों महापुरुष हैं, जिनके लाखों की संख्या में अनुयायी हैं। मोहम्मद साहब अरब में महापुरुष हैं, जिनका भारत में कोई योगदान नहीं हैं। आजम खान के सपा में जाने के सवाल पर कहा कि आजम खान ने पहले ही कह दिया कि वह सेवक हैं। यह तो जगजाहिर है कि सपा में जो जाएगा, वह सेवक ही रहेगा। वहां एक ही परिवार का शीर्ष पदों पर कब्जा है।