छिबरामऊ। बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की चचेरी बहन मन्नारा ने बुधवार को जब गरबा नृत्य किया तो लोग दंग रह गए। उन्होंने छात्रों संग गरबा नृत्य कर लोक संस्कृति के नए रंग बिखेरे। मन्नारा ने कहा कि नवरात्र जैसे पर्व हमारी सांस्कृतिक चेतना व राष्ट्रीय एकता के प्रतीक हैं।
फर्रुखाबाद रोड स्थित जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मन्नारा चोपड़ा ने कहा कि बच्चों के साथ गरबा करना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। स्कूल का यह प्रयास सराहनीय है, जो बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ता है। चेयरमैन डाॅ. जितेंद्र सिंह यादव ने कहा कि विद्यालय केवल उच्च स्तर की शिक्षा ही नहीं, बल्कि खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास करता है। नवरात्र जैसे आयोजन बच्चों में सांस्कृतिक जागरूकता और सामूहिकता की भावना को बढ़ावा देते हैं
प्रबंध निदेशक डाॅ. अनीता रंजन ने कहा कि हमारा उद्देश्य बच्चों को ऐसी शिक्षा देना है, जो उन्हें आधुनिकता के साथ संस्कृति से भी जोड़े। इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़ने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे पहले फिल्म अभिनेत्री मन्नारा चोपड़ा, डाॅ. जितेंद्र सिंह, डाॅ. अनीता रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।