कन्नौज। किशोर की तलाश के लिए एसडीआरएफ की दो टीमें गुरुवार को भी लगी रही पर सुराग नहीं लगा। किशोर के परिजन और ग्रामीण नदी के तट पर भी नहीं गए। उधर, किशोर के घर के बाहर पुलिसकर्मियों को सुरक्षा की दृष्टि से तैनात किया गया है। किशोर के नदी में कूदे हुए 108 घंटे बीत चुके हैं। अब हर किसी को उसकी चिंता सताने लगी है।
गुरसहायगंज क्षेत्र के देवीपुरवा निवासी धर्मवीर के काली नदी में कूदने के बाद से गोताखोरों के साथ ही एसडीआरएफ की टीमें नदी में तलाश कर रही है। पांचवें दिन भी दो एसडीआरएफ की टीमें धर्मवीर की तलाश में लगी रहीं। नदी के तट पर न तो परिजन पहुंचे और न ही ग्रामीण। दो पुलिस कर्मी भी लगे हुए हैं। हर कोई किशोर के मिलने की राह देख रहा है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि किशोर को तलाशने में एसडीआरएफ की दो टीमें लगी हुई हैं। पुलिस टीम को भी लगाया गया है। अभी प्रयास जारी रहेगा।
नदी तट पर पसरा सन्नाटा
चार दिनों तक हर कोई किशोर के मिलने की चाह लेकर नदी के तट पर पहुंच रहा था। बुधवार शाम तक जब किशोर नहीं मिला तो परिजनों के साथ ही ग्रामीण भी घर चले गए। पुलिस फोर्स भी हटा ली गई। दो पुलिस कर्मी और दो एसडीआरएफ की टीम ही किशोर की तलाश में लगी हुई हैं। भीड़ के हटते ही नदी के तट पर सन्नाटा पसर गया।