कन्नौज। नकली और मिलावटी खाद्य पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा टीम सतर्क हो गई है। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए टीम ने छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है। टीम ने मानीमऊ में दो किराना दुकान से साबूदाना, मियांगज में मूंगफली और बेसन का सैंपल भरा। इस दौरान टीम ने पांच सैंपलों को जांच के लिए लैब भेजा। टीम की कार्रवाई को देखते हुए दुकानदार अपनी अपनी दुकानें बंद करके चले गए।
त्योहार आते ही मिलावटखोर सक्रिय हो गए हैं। ऐसे में बाजार में नकली व मिलावटी खाद्य सामग्री पर नकेल कसने को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन लखनऊ के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार वर्मा की अगुवाई में डॉ. अनुज कुमार, इंद्रजीत वर्मा, अनिल राठौर समेत अन्य अधिकारियों ने मानीमऊ स्थित किराना की दुकानों से साबूदाना के दो नमूने भरे।
इसके अलावा उदैतापुर स्थित किराने की दुकान से साबूदाना का एक नमूना भरा। इसके बाद टीम ने मियागंज स्थित किराना की अलग-अलग दो दुकानों से मूंगफली का दाना और बेसन का नमूना लिया। टीम ने इन पांचों नमूनों को जांच के लिए लैब में भेज दिया है।
मुख्य खाद्य अधिकारी ने बताया कि त्योहार शुरू होते ही नकली व मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वाले सक्रिय हो जाते है।नकली पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने खाद्य विक्रेताओं से अपील करते हुए कहा कि खाद्य सामग्री की खरीद करते समय बिल जरूर लें।