फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: किले की विवादित जमीन पर कब्जे की जांच करने पहुंची राजस्व टीम

विज्ञापन
विज्ञापन
विशुनगढ़। ऐतिहासिक किले विशुनगढ़ की बेशकीमती जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे की शिकायत के बाद सोमवार को प्रशासन ने कार्रवाई की। डीएम और समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण के निर्देश पर राजस्व विभाग की भारी-भरकम टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। तहसीलदार ने स्पष्ट किया है कि पैमाइश के बाद ग्राम पंचायत और किले की जमीन पर किए गए सभी अवैध निर्माण व दुकानें हटवाई जाएंगी।
विज्ञापन



किले की रानी पुष्पा त्रिपाठी ने भू-माफियाओं द्वारा पैतृक जमीन को कब्जाने की शिकायत डीएम से गुरुवार को की थी। इसके बाद शनिवार को क्षेत्र भ्रमण पर आए समाज कल्याण मंत्री ने पुष्पा त्रिपाठी से मुलाकात की थी। मंत्री ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसी क्रम में तहसीलदार अवनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंची राजस्व टीम को रानी ने बताया कि उनकी दादी ने घनेश्वर नाथ का विशाल शिव मंदिर बनवाया था, जिसकी जमीन पर अब भूमाफिया गिद्ध दृष्टि जमाए हुए हैं। जांच के दौरान टीम को विवादित जमीन पर विपिन कश्यप नामक व्यक्ति का फास्ट फूड का ठेला लगा मिला।
पूछताछ में उसने बताया कि यह जमीन पूर्व प्रधान सुधीर कुमार द्विवेदी की है और उन्हीं की अनुमति से उसने ठेला लगाया है। टीम ने पूर्व प्रधान सुधीर कुमार द्विवेदी को मौके पर तलब किया, जिन्होंने अपने पक्ष में कुछ दस्तावेज प्रस्तुत किए। तहसीलदार ने बताया कि किले और ग्राम पंचायत की जमीन का नक्शा तैयार कराया जा रहा है। जांच में जो भी दुकानें या निर्माण अवैध जमीन पर पाए जाएंगे, उन्हें सख्ती से हटवाया जाएगा। अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा। जांच टीम में नायब तहसीलदार रामप्रकाश, चकबंदी अधिकारी दिनेश कुमार, चकबंदी लेखपाल सुदेश कुमार व क्षेत्रीय लेखपाल पवन यादव सहित राजस्व विभाग की पूरी टीम मौजूद रही। प्रशासन की इस कार्रवाई से भूमाफियाओं में हड़कंप मचा रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें