अमोलर। ट्रैक्टर की टक्कर से शनिवार सुबह नौ बजे एचटी लाइन का पोल टूट गया। इससे अमोलर उपकेंद्र के 20 गांव की बिजली गुल हो गई। इस कारण भीषण गर्मी में किसान और उपभोक्ता परेशान रहे। ग्रामीणों और किसानों ने चेतावनी दी है कि शाम तक बिजली आपूर्ति शुरू न हुई तो रविवार सुबह उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया जाएगा। उधर, देर शाम तक आपूर्ति शुरु नहीं हुई थी।
ग्रामीणों ने बताया कि अमोलर उपकेंद्र के फीडर ताहपुर एचटी लाइन का पोल बिचपुर्वा गांव में एक ट्रैक्टर की टक्कर से टूट गया। गनीमत रही कि पोल ट्रैक्टर पर नहीं गिरा नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता। इससे किसानों के ट्यूबवेल लाइन और अमोलर, दलापुर्वा, मझैइया, ढिपारा, कैथनपुर्वा, नैपालपुर आदि 20 गांवों की बत्ती गुल हो गई। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों को बिजली आपूर्ति बंद होने की शिकायत की। लाइनमैनों ने बिजली पोल और हेड्रा मशीन की व्यवस्था न होने पर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।
इससे उपभोक्ताओं में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली आपूर्ति बहाल न हुई तो रविवार को सुबह उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। एसडीओ पंकज कुमार चौधरी का कहना है कि इस मामले की जानकारी नहीं है। जेई को मौके पर भेजा जा रहा है। जल्द ही पोल लगवाकर आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा।