छिबरामऊ। एसआईआर गणना प्रपत्र मैपिंग के दौरान विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नौली के बूथ संख्या 242 के मतदाताओं की वर्ष 2003 का रिकॉर्ड प्रिंट न होने से मैपिंग कार्य नहीं हो पा रहा है। अधिकारियों तथा कर्मचारियों पर एसआईआर का इतना दबाव है कि अवकाश के दिन भी वह कार्य पूरा करने में जुटे रहे।
क्रिसमस पर तहसीलदार अवनीश कुमार सिंह तथा नायब तहसीलदार हिमांशु प्रभाकर तहसील सभागार में मैपिंग कार्य की समीक्षा की। बीएलओ के फॉर्म में गलती के कारण मैप नहीं हो पा रहे थे, उन्हें बुलाकर दुरुस्त किया गया। तहसीलदार ने बताया कि मैपिंग कार्य में सबसे ज्यादा दिक्कतें मायके वालों को चिह्नित करने में आ रही हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा के 550 बूथों में आठ बूथ शत प्रतिशत हो चुके हैं। शेष बूथ 70 से लेकर 99 प्रतिशत तक पूरे हो चुके हैं। अभी तक 88 प्रतिशत मैपिंग हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार तक 90 प्रतिशत से ऊपर का लक्ष्य बनाकर कार्य किया जा रहा है। इसके लिए सभी सुपरवाइजरों तथा राजस्व टीम को बीएलओ के साथ लगाया गया है। विधानसभा क्षेत्र में ब्लाक परिसर छिबरामऊ तथा तेराजाकेट, नगर पालिका छिबरामऊ तथा गुरसहायगंज में भी अवकाश के दिन भी मैपिंग कार्य जारी रहा।