छिबरामऊ। रात के अंधेरे में किशोरी को ले जाते युवक सीसीटीवी में कैद हुए थे। पुलिस ने भाई की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर नाबालिग को पकड़ लिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। दोनों को गुुरुवार को जेल भेज दिया गया।
नगर के एक मोहल्ले से 17 दिसंबर को समुदाय विशेष के दो युवक नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गए थे। किशोरी व मोहल्ले के अन्य घरों में लगे सीसीटीवी में युवक किशोरी को ले जाते कैद हो गए थे। किशोरी के भाई ने परिवार पर धर्मांतरण का दबाव बनाने व बहन को ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने किशोरी की गुमशुदगी दर्ज कर उसे बरामद कर लिया था।
कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बुधवार को एसआई मनुज कुमार व सुरेश चतुर्वेदी के साथ मारुति शोरूम के आगे सौरिख रोड पर घेराबंदी कर अरसान (21) व राजा (22) निवासी मोहल्ला सैयदबाड़ा को पकड़ लिया। तलाशी में दोनों के पास से एक- एक तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। कोतवाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।