तालग्राम। बिना स्वीकृति क्षमता बढ़ाकर ट्रांसफार्मर रखवाएं जाने के खेल का खुलासा होने पर एसडीओ ने अवर अभियंता के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र भेजा था, जिसमें अभी तक कार्रवाई नहीं हुई। अब यह मामला मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री की चौखट तक पहुंचेगा।
तालग्राम क्षेत्र के बिजली उपकेंद्र सरायप्रयाग से संबंधित ग्राम मकदूमपुर में निजी नलकूप पर बिना स्वीकृति 16 केवीए ट्रांसफार्मर की जगह 25 केवीए रखवा दिया गया था। तत्कालीन एसडीओ ने 20 नवंबर को कानपुर क्षेत्र के द्वितीय मुख्य अभियंता वितरण को पत्र भेजकर अवर अभियंता जितेंद्र कुमार के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की थी।
उन्होंने आरोप लगाया था कि अवर अभियंता के इस कृत्य से राजस्व का नुकसान हुआ है। कार्रवाई न होने पर एसडीओ ने दो दिसंबर को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम आगरा प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। इसके बावजूद विभागीय अधिकारी जांच की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं और मामले को रफादफा करने में लगे हैं। अभी तक कोई भी अधिकारी ट्रांसफार्मर की जांच करने नहीं पहुंचा है।
तत्कालीन एसडीओ विवेक पांडेय ने बताया कि अवर अभियंता के खिलाफ भेजे संस्तुति पत्र पर कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री को पत्र भेज कर कार्रवाई की मांग करेंगे। अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण नंदलाल का कहना है कि कमेटी का गठन कर जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।