कन्नौज। विशुनगढ़ क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर भोला ठाकुर की तलाश में रविवार को पुलिस दबिशों में तेजी पकड़ी है। थाना प्रभारी ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी पर पता नहीं चला। आरोपी ने थाना प्रभारी के सीयूजी नंबर पर गांव के नवीन को गोली मारने की बात कही थी। इस पर पुलिस सक्रिय हुई और नवीन की तहरीर के आधार पर हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
एसपी विनोद कुमार ने घटना की वास्तविक स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कैरदा गढ़ी निवासी हिस्ट्रीशीटर भोला सिंह ठाकुर एक शातिर अपराधी है। वह मादक द्रव्य निरोधक अधिनियम (एनडीपीएस) के मामले में पिछले एक साल से जेल में बंद था। हाल में ही वह जमानत पर छूटकर आया है। इसी गांव के नवीन कुमार से उसकी रंजिश है। नशे की हालत में उसने नवीन के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद थाना प्रभारी दिनेश कुमार के सीयूजी नंबर पर कॉल कर नवीन को गोली मार देने की बात कही। इसकी रिकार्डिंग थाना प्रभारी ने सौंप दी है। पुुलिस उसके गांव पहुंची तो हिस्ट्रीशीटर नहीं मिला। उसके पिता राजपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि भोला काफी नशे की हालत में है। पीड़ित नवीन कुमार ने थाना समाधान दिवस में अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार से शिकायत की तो उसकी तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। अब मामले की विवेचना की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
महोबा में भी दर्ज हैं भोला पर मुकदमे
हिस्ट्रीशीटर भोला ठाकुर के खिलाफ जिले के कई थानों के अलावा महोबा में भी दो मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ जनपद की कोतवाली गुरसहायगंज, छिबरामऊ, थाना विशुनगढ़, सौरिख, ठठिया, इंदरगढ़ में 24 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें अधिकतर लूट, चोरी, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस, एमपीके, गुंडा एक्ट व जान से मारने की धमकी से संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। हाल में ही वह एनडीपीएस के मामले में जेल से छूटकर बाहर आया है।