सौरिख। थाना क्षेत्र के सरवाई गांव निवासी इंटर की छात्रा रुचि (15) पुत्री किशन यादव को एक माह से तेज बुखार आ रहा था। गुरुवार को सुबह सैफई में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। शुक्रवार को सीएमओ ने स्वास्थ्य टीम को छात्रा की मौत का कारण जानने के लिए गांव भेजा। सौरिख के चिकित्सा प्रभारी आनंद सिंह ने बताया छात्रा को कुछ टीबी के लक्षण थे और सीने में इंफेक्शन फैला हुआ था। कई महीने से इटावा में भी उपचार चल रहा था। वहीं, 15 दिन रुचि ने टीवी की दवा भी खाई थी। श्वसन तंत्र फेल हो जाने के चलते छात्रा की मौत हुई थी। स्वास्थ्य टीम ने गांव में कैंप लगाकर रुचि के परिजनों और आसपास के 25 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए।
परिजन बोले-सही उपचार न मिलने से गई थी सत्यम की जान
कस्बे के दूसरे मृतक छात्र सत्यम तिवारी के घर पहुंची स्वास्थ्य टीम को परिजनों ने बताया कि सत्यम जनवरी माह से बुखार से पीड़ित था और मेडिकल स्टोर से दवा ले रहा था। छिबरामऊ में भी सत्यम का उपचार चला था। डॉक्टर पंकज वर्मा ने बताया कि सीएचसी सौरिख के डाक्टरों के कहने पर 25 अगस्त को जब उसकी जांच हुई तो खून कम निकला। जिसके चलते शरीर के सारे आर्गन बहुत कमजोर हो चुके थे, जो सत्यम की मौत का कारण बना। अगर सही समय पर सत्यम के ब्लड की जांच होती तो सही से उपचार मिल सकता था। वहीं सत्यम के घर के बाहर बहुत गंदगी फैली हुई थी। सत्यम के पड़ोस में रहने वाले 31 लोगों के सैंपल लिए गए हैं।