तिर्वा। विकासखंड तिर्वा के ग्राम बिनौरा में सोमवार शाम को एक किसान का शव गांव के बाहर पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। फिलहाल, घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम बिनौरा निवासी शिवम (30) खेतीबाड़ी का काम करता था। वह शाम को घर से निकला था और देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के बाहर पेड़ पर उसका शव लटका हुआ देखा गया। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। परिजनों ने बताया कि वे घटना का कारण नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजन अभी तक आत्महत्या के कारण का खुलासा नहीं कर पाए हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और विधिक कार्रवाई की जाएगी।