कन्नौज। ट्रैक्टर-ट्राली में सवार किशोर हाईटेंशन के झूलते तारों के संपर्क में आ गया। करंट लगने से वह झुलस गया। परिवार के लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में कोहराम मच गया।
गुरसहायगंज कोतवाली के गांव भवानीपुर अनौगी निवासी ईश्वर दयाल का 17 वर्षीय पुत्र अंकित शुक्रवार सुबह गांव के लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्राली से खेतों में चारा काटने गया था। लौटते समय वह रास्ते में ट्राली पर खड़ा हो गया। इस दौरान गांव के बाहर झूल रहे हाईटेंशन के तार सिर में छू गए। करंट की चपेट में आकर वह झुलस गया।
ग्रामीणों के साथ परिजन जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।