तिर्वा। साली के घर से पत्नी को लेने गए एक युवक का शव शुक्रवार को गांव के बाहर नीम के पेड़ से लटकता मिला। सुबह ग्रामीणों ने जब शव देखा तो इसकी सूचना परिजनों व पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतक के पिता ने पत्नी, साली और मृतक के बीच पारिवारिक विवाद की आशंका जताई है। ठठिया थानाक्षेत्र के बगवा गांव निवासी कमलेश (35) खेती करके परिवार का पालन-पोषण करता था। कुछ दिन पहले पत्नी इंदरगढ़ थानाक्षेत्र के बद्दापुर्वा गांव स्थित बहन के घर चली गई थी। गुरुवार को कमलेश पत्नी को लेने साली क़े घर गया था पर शुक्रवार सुबह उसका शव गांव के बाहर नीम के पेड़ पर अंगौछे से लटकता मिला। शव देख राहगीरों के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराई, जिसके बाद मौके पर चीखपुकार मच गई।
पिता चंद्रपाल ने बताया कि कमलेश, उसकी पत्नी और साली के बीच कुछ विवाद हुआ है। उन्हें आशंका है कि इसी विवाद के चलते घटना हुई है। पुलिस ने तहरीर लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल वीरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।