विशुनगढ़। चक्की संचालक ने कारखाने में फंदा लगाकर जान दे दी। मंगलवार की सुबह कारखाने का गेट न खुलने पर परिजनों ने दूसरी चाबी से दरवाजा खोला तो संचालक का शव फंदे पर लटकता मिला। सूचना पर पहुंची विशुनगढ़ थाना पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलवाकर जांच पड़ताल की।
मलपुरा जगदीशपुर गांव निवासी शैलेंद्र कुमार पाल (38) का गांव के बाहर कैरदा रोड स्थित खेत में चक्की कारखाना था। परिजनों ने बताया कि रोज की तरह सोमवार शाम शैलेंद्र खाना खाने के बाद कारखाने पर सोने के लिए गए थे। मंगलवार सुबह गांव के लोग गेहूं पिसवाने के लिए चक्की पर पहुंचे पर अंदर से दरवाजा बंद था और सेंटर लॉक लगा था। ग्रामीणों ने कारखाना खुलवाने के लिए शैलेंद्र के घर फोन किया। परिजन दूसरी चाबी से सेंटर लॉक खोलकर कारखाने के अंदर पहुंचे तो शैलेंद्र को टिनशेड के पाइप से फंदे पर लटका देखा।
शैलेंद्र के आत्महत्या करने की जानकारी होने पर परिजन समेत गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव फंदे से उतरवा लिया। शैलेंद्र की मौत से पत्नी, एक पुत्र व दो बेटियों समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सीओ ओमकार नाथ शर्मा ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई। आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सका। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।