खड़िनी। दो दिन पहले शौच क्रिया की बात कहकर बाइक लेकर घर से निकले युवक का शव बुधवार को कंसुआ पुल के पास नहर के पानी में मिला। शव की पहचान होते ही परिजनों में चीखपुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव के मुख्य बाजार निवासी शिवम शाक्य (27) शौच क्रिया के लिए 22 जुलाई को सुबह घर से बाइक से निकला था। काफी देर तक घर नहीं लौटा। परिजन उसे तलाश कर रहे थे। इसी बीच ग्राम नगला खरगाई के पास हसेरन रोड पर पुलिस को एक लावारिस बाइक खड़ी होने की सूचना मिली। जांच पड़ताल में पता चला कि बाइक शिवम की है। इसके बाद पुलिस ने नरेश शाक्य को सूचना दी। तब शिवम की तलाश और तेज की गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली।
देर शाम ग्रामीणों ने कंसुआ पुल के पास एक युवक का शव पानी में उतराते देखा। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। पिता नरेश ने शव की शिनाख्त पुत्र शिवम के रूप की। पिता समेत मां शीला देवी व भाई बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि शिवम तीन भाइयों व एक बहन के बीच सबसे छोटा था। सौरिख थानाध्यक्ष दिनेश कुमार बिंद ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।