नगर के पश्चिमी बाईपास पर एक पंप के पास असलहाधारी
लोगों ने एक युवक को फोन से बुलाकर उस पर जानलेवा हमला बोल दिया।
लाठी-डंडों, सरियों और तमंचों की बटों से मारपीट कर लहूलुहान कर दिया।
हमलावर युवक के गले से सोने की चेन और मोबाइल भी लूट ले गए।
क्षेत्र के
ग्राम देववरमपुर ढकुरइया निवासी विमलेश दुबे पुत्र वीरेंद्र दुबे ने बताया
कि सोमवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे उसके मोबाइल पर फोन कर उसे प्लाट
दिखाने को पश्चिमी बाईपास पर बुलाया गया। जब वह वहां पहुंचा तो कुछ ही देर
बाद रवी यादव, बालजी गुप्ता, गोपालजी गुप्ता, सानू यादव, बड़े शाक्य, आदेश
यादव व चार-पांच अन्य लोगों के साथ आए और मारना शुरू कर दिया।
उन लोगों ने
लाठी-डंडों, सरिया और तमंचों की बटों से जान से मारने की नीयत से हमला कर
दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर उसके गले से सोने की चेन
और मोबाइल भी लूट ले गए। शोरगुल सुनकर प्रवीण पाठक और अशोक दुबे आदि
लोग आए, तब वह लोग उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
वह किसी
तरह कोतवाली पहुंचा और जानकारी दी। उसने उक्त हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट
दर्ज कराने को तहरीर दी। घटना की जानकारी होते ही भाजपा प्रदेश कार्यसमिति
सदस्य अर्चना पांडेय के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता कोतवाली जा धमके।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाल अरविंद मोहन जायसवाल ने विमलेश दुबे
को डाक्टरी परीक्षण के लिए सीएचसी भेज दिया। देर रात तक कोतवाली में
भाजपाइयों का जमावड़ा लगा था। भाजपा कार्यकर्ता हमलावरों की शीघ्र
गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे।