थाने का निरीक्षण करते एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह।
- फोटो : amarujala
निरीक्षण के दौरान एसपी के सामने थाने में लापरवाही सामने आई। जनसंख्या पूछने पर दरोगा ने उन्हें क्षेत्र में आठ विधानसभाएं बताकर चौंका दिया। वहीं थानाक्षेत्र में कितने चौकीदार तैनात हैं, इसकी जानकारी थाना प्रभारी से लेकर लिपिक तक नहीं दे सके। इससे एसपी का पारा चढ़ गया।
गुरुवार को एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने इंदरगढ़ थाने का निरीक्षण किया। मालखाना, हवालात, कार्यालय देखने के बाद उन्होंने उप निरीक्षकों से कानून-व्यवस्था के बारे में जानकारी लेना शुरू किया। एक उप निरीक्षक ने हर किसी को चौंका दिया। एसपी ने दरोगा से हल्का क्षेत्र की जनसंख्या पूछी तो बताया कि उसके हल्का क्षेत्र में आठ विधानसभा हैं। दरोगा सही जवाब नहीं दे सके तो एक उप निरीक्षक ने विधानसभा नहीं ग्रामसभा होने की बात कही। एसपी ने थाना प्रभारी सुजीत वर्मा से चौकीदारों की संख्या पूछी तो वह जवाब नहीं दे सके। थाने में तैनात लिपिक भी चौकीदारों की स्पष्ट संख्या नहीं बता सके। इससे एसपी का पारा चढ़ गया। उन्होंने फटकार लगा दी। एसपी ने चौकीदारों से उनकी समस्याएं पूछीं। वहीं लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए।