उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर आउट होने के मामले में मंगलवार को एसटीएफ ने साल्वर गैंग के आरोपी इंदरगढ़ के ग्राम सरगौली निवासी सौरभ को दबोच लिया। एसटीएफ उसे पूछताछ के लिए साथ ले गई है। दूसरे आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस प्रयासरत है। गांवों के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।
रविवार को टीईटी निरस्त होने के बाद पुलिस ने जब साल्वर गैंग के सदस्यों को पकड़ा तो उनमें इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के सरगौली गांव निवासी सौरभ सिंह यादव व विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर असालताबाद निवासी शिवपाल सिंह यादव उर्फ मुकेश के नाम प्रकाश में आए।
इसके बाद पुलिस ने इन दोनों साल्वरों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए। मंगलवार को पुलिस ने सिविल ड्रेस में सरगौली गांव में सौरभ सिंह यादव की तलाश में दबिश दी। सौरभ को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए साथ ले गई। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार सौरभ सिंह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का है। वह नोएडा में एक निजी मोबाइल कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता है।
साल 2017 में बीएससी और 2019 में बीटीसी की थी। टीईटी की तैयारी के लिए वह कानपुर के कल्यानपुर में संचालित एक एकेडमी से कोचिंग लेता था। शिवपाल सिंह के बारे में ग्रामीणों ने बताया कि वह बीएड कर चुका है और वर्तमान में मैनपुरी जनपद के एक जिले में प्राइवेट स्कूल में अध्यापक है। शिवपाल बच्चों को हाईस्कूल, इंटर, बीए, बीएड व बीटीसी की कोचिंग देता है।