कन्नौज। कोरोना संक्रमण से निपटने की कवायद जिले में शुरू हो गई है। शासन के निर्देश पर मेडिकल कालेज समेत पांच अस्पतालों में मॉकड्रिल कर तैयारियों को परखा गया।
शनिवार को लखनऊ से आए स्टेट नोडल हेड डॉ. विजय सिंह के नेतृत्व में कोरोना मरीजों को किस प्रकार से बेहतर उपचार देना है कि इसके लिए मॉक ड्रिल की गई। मेडिकल कॉलेज तिर्वा में एल-टू अस्पताल में डॉ कैलाश स्वामी, एसीएमओ डॉ बृजेश कुमार शुक्ला ने मॉक ड्रिल किया। वहीं एल-वन स्तर के बनाए गए अस्पताल जलालाबाद सीएचसी में डॉ. केसी त्रिपाठी, छिबरामऊ सीएचसी में एसीएमओ डॉ. एके जाटव, सौरिख सीएचसी में एसीएमओ डॉ. जेपी सलोनिया और गुरसहायगंज सीएचसी में डॉ. एसके कटियार के नेतृत्व में मॉक ड्रिल किया गया। इस दौरान एंबुलेंस से एक व्यक्ति को कोरोना मरीज समझ कर अस्पतालों मेें भर्ती कराया गया। जांचों से लेकर ऑक्सीजन प्रेशर तक की स्वास्थ्य सुविधाओं का पूर्वाभ्यास किया गया। स्टेड नोडल हेड डॉ विजय सिंह ने बताया कि मॉक ड्रिल सफल रहा है।