गुरसहायगंज से तालग्राम जा रहा टेंपो ग्राम बिसवां में मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा होते ही टेंपो में बैठे एक ही परिवार के लोगों में चीख पुकार मच गई। गांव के लोग दुर्घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। इन्होंने खासी मशक्कत के बाद टेंपो में फंसी सवारियों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से गंभीर घायलों को सौ शैय्या अस्पताल लाया गया। यहां एक युवक की मौत हो गई। दो घायलों को मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया गया।
तालग्राम इलाके के गांव नगला भुईयन निवासी रामदास (32) पुत्र रूपलाल अपने पुत्र प्रवीन (7), पुत्री काजल (10) छोटे भाई भगवानदास (28) भतीजे सत्यम (6) पुत्र भगवानदास, सुरजीत पुत्र विशेश्वर दयाल (18), अभिषेक (8), विवेक (9), विनय (6) पुत्र रामकिशोर, संजू देवी (24) पत्नी रामकिशोर के साथ अपनी ससुराल रायबरेली से जातुआ घूमने के लिए गए थे। ससुराल से वापस लौटते समय साला लक्ष्मण (15), साली रीना (18) पुत्र रघुराम व चचेरा साला अयोध्या (16) भी साथ चल दिए। सभी लोग बुधवार को गुरसहायगंज रेलवे स्टेशन से टेंपो बुक कर घर लौट रहे थे।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय के निकट टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें सवार सभी 13 सवारियां दब गईं। चीख पुकार सुन आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से टेंपो में फंसे सभी घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी छिबरामऊ भेजा गया।
यहां डाक्टरों ने रामदास को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक टेंपो छोड़कर भाग गया।